सोमवार, 6 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: पुराने विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग: युवक गंभीर घायल, जेवर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पुराने विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग: युवक गंभीर घायल, जेवर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कथित तौर पर अवैध तमंचे से एक परिवार पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार 6 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना जेवर में तहरीर देकर बताया कि गांव के रहने वाले सौरभ पुत्र ऋषिपाल ने पुराने विवाद की रंजिश में उसके पति, पुत्र और पुत्रवधू पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली लगने से उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

तहरीर मिलते ही थाना जेवर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी सौरभ को मंगरौली अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ पुत्र ऋषिपाल निवासी ग्राम थोरा, थाना जेवर, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना जेवर में मुकदमा अपराध संख्या 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 351(3) तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, घायल युवक का उपचार अस्पताल में जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।।