सोमवार, 6 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: जनसुनवाई में सख्त दिखे डीएम: समाधान दिवस में 171 शिकायतें पहुंचीं, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जनसुनवाई में सख्त दिखे डीएम: समाधान दिवस में 171 शिकायतें पहुंचीं, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 6 जुलाई 2026। शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद की तीनों तहसीलों—सदर, दादरी और जेवर—में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिले भर में कुल 171 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। उन्होंने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, इसलिए किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे आवश्यकतानुसार स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों का सत्यापन करें और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

तहसील सदर में कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए तय समय के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 72 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।

तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 82 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।

समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता तथा पारदर्शिता बनाए रखें, ताकि आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, एसीपी ग्रेटर नोएडा-III डॉ. रवि शंकर मिश्र, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार सदर अजय कुमार, नायब तहसीलदार सदर ज्योत्सना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।।