मंगलवार, 14 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में स्कॉर्पियो से मिला युवक का खून से लथपथ शव, कार में तमंचा मिलने से सनसनी; हत्या या आत्महत्या, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में स्कॉर्पियो से मिला युवक का खून से लथपथ शव, कार में तमंचा मिलने से सनसनी; हत्या या आत्महत्या, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र स्थित डेल्टा-3 के ओ ब्लॉक में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो-एन कार के अंदर 36 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिला। कार की ड्राइविंग सीट पर युवक बेसुध हालत में पड़ा था, जबकि उसके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात थाना सूरजपुर की लेपर्ड टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान साईं मंदिर गोलचक्कर से डेल्टा-3 ओ ब्लॉक की ओर जाते समय सर्विस रोड पर एक स्कॉर्पियो-एन कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। कार की बैक लाइट और आगे की टेल लाइट जल रही थीं, जिससे पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ।

पुलिसकर्मियों ने कार चालक को वाहन हटाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर बैठे व्यक्ति की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब पुलिस टीम कार के पास पहुंची तो ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक के शरीर से काफी मात्रा में खून बहता दिखाई दिया। वहीं सीट के पास एक तमंचा भी पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल उच्च अधिकारियों और फोरेंसिक टीम को सूचना दी गई।

घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सौराज (36) पुत्र प्रेमराज निवासी ग्राम जुमरथपुर, दिल्ली तथा वर्तमान निवासी मिग्सन ग्रीन सोसायटी, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कार और आसपास के क्षेत्र से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले तमंचे, कार की स्थिति, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल इस घटना से डेल्टा-3 और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।।