गुरुवार, 2 जुलाई 2026

सहकारिता सप्ताह: जेवर में निबंध प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को बताया ग्रामीण विकास में सहकारिता का महत्व, विजेताओं का हुआ सम्मान!!

शेयर करें:

सहकारिता सप्ताह: जेवर में निबंध प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को बताया ग्रामीण विकास में सहकारिता का महत्व, विजेताओं का हुआ सम्मान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 02 जुलाई 2026। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के तहत गुरुवार को विकासखंड जेवर कार्यालय में "सहकारिता का ग्रामीण विकास में योगदान" विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सहकारिता के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं समाजसेवी गोपाल कृष्ण अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जेवर ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी मौजूद रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक विकास का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन और सामूहिक विकास को नई गति मिलती है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को सहकारिता के मूल सिद्धांतों, विभागीय योजनाओं और ग्रामीण विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका की विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सहकारिता की भावना समाज में आपसी सहयोग, सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को मजबूत करती है, जिससे गांवों के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सहकारिता और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रभावशाली निबंध प्रस्तुत किए। निर्णायकों ने उत्कृष्ट लेखन और विषय की गहरी समझ का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया। विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन ने किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) विवेक यादव, अपर सांख्यिकी अधिकारी शिवानी सिंह, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) मोहम्मद हसीब, शगुफ्ता मोबिन, अश्वनी यदुवंशी, समिति सचिव सहित विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सहकारिता सप्ताह के तहत 29 जून से 6 जुलाई तक जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य आमजन और विशेष रूप से युवाओं को सहकारिता आंदोलन से जोड़ते हुए ग्रामीण विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।।