गौतमबुद्धनगर: दहेज की मांग ने ली विवाहिता की जान? फंदे से लटका मिला शव, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के घंघोला (घगोला) गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही कासना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान तन्नू पत्नी अमित भाटी के रूप में हुई है। वह गांव जावली, थाना टीला, जनपद गाजियाबाद की रहने वाली थीं। मृतका के पिता रविंद्र कसाना ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बड़ी बेटी तन्नू की शादी 6 दिसंबर 2020 को कासना थाना क्षेत्र के घंघोला गांव निवासी अमित भाटी पुत्र स्वर्गीय जगन भाटी से हुई थी। इसी दिन उनकी छोटी बेटी तनीषा की शादी अमित के छोटे भाई सुमित भाटी पुत्र स्वर्गीय जगन भाटी से संपन्न हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ब्रेजा कार की मांग को लेकर दोनों बेटियों को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार समझाने और पंचायत होने के बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला।
मायके पक्ष का आरोप है कि ब्रेजा कार की मांग पूरी न होने पर तन्नू की हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। परिजनों का दावा है कि मृतका के शरीर पर कई चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। उन्होंने मामले में ससुराल पक्ष के सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही कासना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।।
