गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, डीसीपी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने संभ्रांत नागरिकों, डीजे संचालकों व शिविर आयोजकों को दिए सख्त सुरक्षा निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा श्री राजीव कुमार गुप्ता के साथ थाना सूरजपुर क्षेत्र में संभ्रांत नागरिकों, डीजे संचालकों एवं कांवड़ शिविर आयोजकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान डीसीपी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महापर्व है, जिसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संभ्रांत नागरिकों से जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
डीसीपी ने डीजे संचालकों के साथ संवाद करते हुए उन्हें शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी मानकों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कांवड़ शिविर आयोजकों को निर्देशित किया गया कि सभी शिविर केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही लगाए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविरों में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए डीसीपी ने शिविरों में लगाए जाने वाले विद्युत उपकरणों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विद्युत कनेक्शन सुरक्षित हों, खुले तारों का प्रयोग न किया जाए तथा प्रत्येक शिविर में आपातकालीन मेडिकल किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सके।
इसके साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा लगातार फुट पेट्रोलिंग और निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहभाग से कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सफल और शांतिपूर्ण बनाया जाएगा।
