गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: घरों में चोरी करने वाला शातिर गिरोह बेनकाब, दो बदमाश गिरफ्तार; चोरी का सामान, नकदी और चोरी की बाइक बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, चोरी की मोटरसाइकिल, 20,570 रुपये नकद और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार शनिवार 4 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट, सेक्टर-29 नोएडा के पास से फिरोज उर्फ बब्लू और आशीष को गिरफ्तार किया। पूछताछ और बरामदगी के दौरान दोनों की निशानदेही पर सेक्टर-19 स्थित एक मकान से चोरी की गई स्टील की टोटियां बरामद हुईं। इसके अलावा थाना सेक्टर-24 और थाना सेक्टर-39 में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित कुल 20,570 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इसके साथ ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में इस्तेमाल होने वाले प्लास नुमा कटर, लोहे का रिंच, लोहा काटने वाला कटर, सब्बल, छैनी और दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में मोबाइल और लैपटॉप चोरी की कई घटनाओं को भी अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक उन चोरी की वारदातों से मिले अधिकांश रुपये आरोपी पहले ही खर्च कर चुके हैं। इन घटनाओं के संबंध में थाना सेक्टर-39 में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनकी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी फिरोज उर्फ बब्लू मूल रूप से बुलंदशहर का निवासी है और वर्तमान में सेक्टर-93 नोएडा में रहकर दिल्ली-एनसीआर में ओला-उबर टैक्सी चलाता है। वहीं दूसरा आरोपी आशीष मूल रूप से बरेली का निवासी है और वर्तमान में छलेरा गांव में रहकर टैक्सी चालक का कार्य करता है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। फिरोज पर पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। इसके अलावा दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले में भी दोनों की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों ने जिले और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की अन्य कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है। बरामद सामान के आधार पर कई मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
