शनिवार, 4 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर:;दोस्ती का झांसा देकर लोगों को लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत पांच आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:;दोस्ती का झांसा देकर लोगों को लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत पांच आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब की आड़ में लोगों को दोस्ती का झांसा देकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो पुरुष और तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें (स्विफ्ट और ऑरा) तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-54 स्थित खरगोश पार्क के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान ओमवीर यादव, मंजेश यादव, निधि यादव, प्रियंका यादव और काजल उर्फ रिया यादव को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ऑनलाइन फर्जी फ्रेंडशिप क्लब संचालित कर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। गिरोह का एक सदस्य ग्राहकों से संपर्क करता था, जबकि महिला सदस्य दोस्ती और मुलाकात का झांसा देकर उन्हें अपनी कार में बैठा लेती थीं। इसके बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर गिरोह के अन्य सदस्य मारपीट कर पीड़ितों से मोबाइल, नकदी, वाहन और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे। वारदात के दौरान एक कार में कुछ आरोपी पीड़ित के साथ रहते थे, जबकि अन्य सदस्य दूसरी कार से पीछे-पीछे चलते थे।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि 30 जून 2026 की रात सेक्टर-54 स्थित पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति को इसी तरह झांसे में फंसाकर स्विफ्ट कार में बैठाया गया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल छीन लिया और मोबाइल का लॉक खुलवाकर यूपीआई के माध्यम से करीब 18 हजार रुपये अपने विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद पीड़ित का पर्स और फॉर्च्यूनर कार की चाबी छीनकर उसकी फॉर्च्यूनर कार भी लूट ली। वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया था, जिसमें गिरोह के कई सदस्य अलग-अलग वाहनों में मौजूद थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट और ऑरा कार तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस मामले में थाना सेक्टर-24 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस तरह की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब या अनजान लोगों के झांसे में आने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।।