गुरुवार, 16 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर में स्काउट-गाइड आंदोलन को मिलेगी नई गति, हर विद्यालय तक पहुंचाने की तैयारी; डीएम ने दिए गतिविधियों के विस्तार के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में स्काउट-गाइड आंदोलन को मिलेगी नई गति, हर विद्यालय तक पहुंचाने की तैयारी; डीएम ने दिए गतिविधियों के विस्तार के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 16 जुलाई। जनपद में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भारत स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर विस्तार देने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में भारत स्काउट एवं गाइड, जनपद गौतमबुद्धनगर की जिला परिषद की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की आगामी कार्ययोजना, नई इकाइयों के गठन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और छात्र-छात्राओं की अधिकतम सहभागिता को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक में वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए जनपद के अधिकाधिक विद्यालयों में स्काउट एवं गाइड इकाइयों के गठन, प्रशिक्षण शिविरों के प्रभावी संचालन, सेवा गतिविधियों के विस्तार तथा राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए पात्र विद्यार्थियों की पहचान और तैयारी पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विद्यालयों में संगठन की गतिविधियों को अधिक सक्रिय, परिणामोन्मुख और उपयोगी बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर भी सहमति बनी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त पाठशाला है। यह बच्चों और युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम जैसे गुण विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के अधिक से अधिक विद्यालयों में स्काउट एवं गाइड इकाइयों का गठन सुनिश्चित किया जाए तथा ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़कर उन्हें समाज सेवा और नेतृत्व विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके तथा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने में स्काउट एवं गाइड की भूमिका और मजबूत हो।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने जनपद में स्काउट एवं गाइड आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, विद्यालय स्तर पर इसकी गतिविधियों का विस्तार करने तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद त्रिपाठी, डायट प्राचार्य अर्चना गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त (मेरठ-सहारनपुर मंडल) अमित कुमार, जिला मुख्य आयुक्त डॉ. राकेश कुमार राठी, जिला सचिव पुष्पेंद्र सिंह, जिला स्काउट कमिश्नर विजेंद्र सिंह, जिला गाइड कमिश्नर देवकी, जिला आयुक्त (रोवर) महकार सिंह, जिला आयुक्त (एडल्ट रिसोर्स) धर्मेंद्र शर्मा, जिला आयुक्त (कब) रश्मि त्रिपाठी, सहायक आयुक्त (स्काउट) अरविंद शर्मा, सहायक आयुक्त शिल्पा टी.आर., जिला संगठन आयुक्त राहुल मित्तल, जिला प्रशिक्षण आयुक्त साधना सिंह बिधूड़ी, जिला बेसिक स्काउट मास्टर ज्योतिर्मय पांडे, जिला बेसिक गाइड कैप्टन भारती श्रीवास्तव, आरती कुलश्रेष्ठ सहित जनपद के स्काउट-गाइड प्रतिनिधि, स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन मौजूद रहे।।