गौतमबुद्धनगर: भू-माफियाओं पर नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर: ग्राम झट्टा में 22 हजार वर्गमीटर से अधिक सरकारी जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त!!
दो टूक//नोएडा, 16 जुलाई 2026। नोएडा प्राधिकरण ने अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम झट्टा में सरकारी भूमि पर किए जा रहे कब्जे को ध्वस्त कर दिया। पुलिस बल और प्राधिकरण की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान में करीब 22,670 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत आने वाले ग्राम झट्टा के खसरा संख्या-456 में कुछ लोगों द्वारा प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर अवैध रूप से चिनाई कर प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्राधिकरण ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और भू-लेख विभाग तथा पुलिस बल के सहयोग से मौके पर अभियान चलाया।
अभियान के दौरान अवैध रूप से किए गए निर्माण और प्लॉटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
नोएडा प्राधिकरण लगातार अपने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों, अनधिकृत कॉलोनियों और बिना स्वीकृति के विकसित की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई भी की गई, ताकि सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा न हो सके और शहर का नियोजित विकास प्रभावित न हो।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों और बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी भूखंड या प्लॉट की खरीद से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच अवश्य करें, ताकि अवैध प्लॉटिंग करने वाले भू-माफियाओं के झांसे में आने से बचा जा सके।।
