गौतमबुद्धनगर: जेवर में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का सख्त पहरा, एसीपी राजीव कुमार सिसौदिया ने फुट पेट्रोलिंग कर लिया कानून-व्यवस्था का जायजा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से जेवर क्षेत्र में व्यापक फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम एवं अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के पर्यवेक्षण में एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा राजीव कुमार सिसौदिया ने पुलिस बल के साथ थाना जेवर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी राजीव कुमार सिसौदिया ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच सुनिश्चित की जाए। इसके लिए प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
एसीपी ने सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आमजन के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार की फुट पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।।
