गौतमबुद्धनगर में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: ब्लैक स्पॉट सुधार में लापरवाही पर जिलाधिकारी नाराज, ओवरस्पीडिंग-ओवरलोडिंग के खिलाफ संयुक्त अभियान के निर्देश!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 17 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों, ई-डीएआर (e-DAR) पोर्टल की प्रगति और दुर्घटना बाहुल्य (ब्लैक स्पॉट) स्थलों पर किए जा रहे सुधार कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि ई-डीएआर पोर्टल के माध्यम से चिन्हित ब्लैक स्पॉट के लिए कई विभागों द्वारा शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म कार्ययोजना समय पर उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लैक स्पॉट के लिए विस्तृत, व्यावहारिक एवं समयबद्ध कार्ययोजना तत्काल तैयार कर प्रस्तुत की जाए। साथ ही सभी सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क सुरक्षा संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड लिमिट बोर्ड, रोड मार्किंग, स्ट्रीट लाइट, क्रैश बैरियर सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट का नियमित निरीक्षण किया जाए और वहां कराए जा रहे सुधार कार्यों की लगातार निगरानी भी रखी जाए, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
बैठक में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित प्राधिकरणों को संयुक्त अभियान चलाकर ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े प्रत्येक मामले की ई-डीएआर पोर्टल पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि केवल प्रवर्तन कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि आम नागरिक स्वयं भी सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदारी निभाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, डीसीपी आर. के. गौतम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण, ओएसडी नोएडा इन्दु प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कर जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं।।
