शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर/ग्रेटर नोएडा: कासना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध पिस्टल, कारतूस और चाकुओं के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार; स्कॉर्पियो भी सीज!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर/ग्रेटर नोएडा: कासना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध पिस्टल, कारतूस और चाकुओं के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार; स्कॉर्पियो भी सीज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना कासना पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू तथा एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद कर उसे सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ पहले से भी आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को थाना कासना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए सिरसा कट से गोलचक्कर की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर तीन संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान हरियाणा के गुरुग्राम निवासी अनिल कुमार (29 वर्ष), हरेन्द्र (28 वर्ष) तथा बुलंदशहर निवासी सचिन कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपी अनिल कुमार के पास से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि हरेन्द्र और सचिन के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू मिला। इसके अलावा आरोपियों के पास मौजूद दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो (DL6CT5086) को भी पुलिस ने सीज कर दिया।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अनिल कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में शामली जनपद के कांधला थाने में आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, इस मामले में थाना कासना में भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से बरामद हथियारों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया जाना था या नहीं। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।।