गौतमबुद्धनगर/ग्रेटर नोएडा: चाकू से हमले का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त अवैध चाकू भी बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकू से हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से वांछित अभियुक्त रोहित पुत्र दिलीप को गुर्जरपुर रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू भी बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने ग्राम गुर्जरपुर में एक युवक के साथ पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की मां की तहरीर के आधार पर थाना नॉलेज पार्क में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार उसकी तलाश की और तकनीकी एवं स्थानीय सूचना तंत्र की सहायता से 24 घंटे के भीतर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित पुत्र दिलीप (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम मंगतपुर, थाना सोहरामऊ, जिला पीलीभीत का रहने वाला है तथा वर्तमान में संगम विहार, दिल्ली में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस का अभियान लगातार जारी है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
