गौतमबुद्धनगर: बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती: 'मिशन सेव फ्यूचर' के तहत स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, नियम तोड़ने वालों पर चालान और सीज की कार्रवाई!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। बच्चों की सुरक्षित और निर्बाध स्कूल यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने 'बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती: 'मिशन सेव फ्यूचर' के तहत स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, नियम तोड़ने वालों पर चालान और सीज की कार्रवाई शुरू कर दी है। शासन के निर्देशानुसार 01 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों और स्कूलों के आसपास स्कूल बसों एवं वैनों की सघन जांच की जा रही है।
एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान दर्जनों स्कूल बसों और वैनों को रोककर उनके फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, पंजीकरण सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। साथ ही वाहनों में स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी परखी गई।
अधिकारियों ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन करने के साथ उनकी वाहन संचालन क्षमता एवं सतर्कता का भी परीक्षण किया। जांच के दौरान जिन वाहनों में फिटनेस, परमिट अथवा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को सीज कर दिया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 'मिशन सेव फ्यूचर' का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि जनपद में संचालित प्रत्येक स्कूल वाहन सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराए।
उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधनों, वाहन स्वामियों और चालकों से परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले संबंधित वाहन की वैधता, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जानकारी अवश्य सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।।
