बुधवार, 1 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सपा ने अनोखे अंदाज में मनाया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन, बच्चों के बीच बांटी खुशियां!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सपा ने अनोखे अंदाज में मनाया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन, बच्चों के बीच बांटी खुशियां!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन नोएडा विधानसभा इकाई द्वारा सेक्टर-9 स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में बच्चों के साथ सेवा और सामाजिक सरोकार के माहौल में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और बच्चों के बीच केक के साथ कॉपी, पेंसिल एवं रबर वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।

कार्यक्रम का आयोजन नोएडा विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान के नेतृत्व में किया गया, जबकि इसकी अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और झुग्गी-झोपड़ी बस्ती के बच्चे मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान ने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे जननेता हैं, जिन्हें समाज के हर वर्ग और विशेष रूप से युवाओं का भरपूर स्नेह एवं समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को एक बार फिर उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनते देखना चाहती है, ताकि प्रदेश में रुके हुए विकास कार्यों को नई गति मिल सके। उन्होंने अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना भी की।

वहीं पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने नोएडा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए। उन्होंने कहा कि नोएडा में मेट्रो परियोजना, सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट, सेक्टर-34 में नारी निकेतन, सेक्टर-18 से मामूरा तक एलिवेटेड रोड, मल्टीलेवल पार्किंग, होशियारपुर गांव में बालिका इंटर कॉलेज, सरफाबाद में मिनी स्टेडियम, सेक्टर-21ए में क्रिकेट स्टेडियम तथा विभिन्न अंडरपास सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं उनके कार्यकाल की पहचान हैं।

राघवेंद्र दुबे ने कहा कि प्रदेश की जनता को आज भी अखिलेश यादव से बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर सभी कार्यकर्ता ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे सदैव स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें तथा वर्ष 2027 में पुनः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनकर प्रदेश के विकास को नई दिशा दें।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। सपा नेताओं ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा करना ही जन्मदिन मनाने का सबसे सार्थक तरीका है।

इस अवसर पर तनवीर अहमद, मोहम्मद तस्लीम, सुल्तान अंसारी, शालिनी खारी, नेहा पाण्डेय, हरपाल सिंह, गुड्डू चौधरी, विमला देवी, महेश, मोहित गौतम, सुमित, आमिर, अनीस, मनोज गौतम, अमन, साहिल चौधरी, देवेंद्र खारी, दीपक देशवाल, नीर अवाना, नदीम सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बच्चे उपस्थित रहे।।