गौतमबुद्धनगर: स्वामी विवेकानंद के आदर्शों के साथ किसानों की आवाज बुलंद, डेरीन कोट में भाकियू का संगठन विस्तार, कैंप कार्यालय का शुभारंभ!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र स्थित ग्राम डेरीन कोट में शनिवार को स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की ओर से किसान संगोष्ठी, संगठन विस्तार कार्यक्रम एवं नए कैंप कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा हुई, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज सेवा, किसान हित और राष्ट्र निर्माण के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुखबीर भाटी ने की, जबकि संचालन नितिन भाटी ने किया। भाकियू के नए कैंप कार्यालय का शुभारंभ जिलाध्यक्ष नोएडा अशोक भाटी एवं दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित किसानों और ग्रामीणों ने कार्यालय को किसान हितों की लड़ाई का नया केंद्र बताते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन केवल किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाला संगठन नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की आवाज बनने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़कर सामाजिक सरोकारों और किसान हितों की लड़ाई में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अशोक भाटी ने कहा कि किसानों के सम्मान, अधिकार और ग्रामीण विकास के लिए भारतीय किसान यूनियन पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करती रहेगी और किसी भी जनसमस्या को अनदेखा नहीं होने दिया जाएगा।
संगोष्ठी के दौरान ग्रामवासियों ने डेरीन कोट अंडरपास निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि अंडरपास के अभाव में सड़क पार करते समय अब तक दर्जनों युवाओं की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। उन्होंने इसे क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए जल्द समाधान की मांग की।
इसके अलावा ग्रामीणों ने ब्लॉक स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने, गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने, जोहड़ के सौंदर्यीकरण, नालियों, खरंजा और आरसीसी सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की मांग भी रखी। इस पर दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर एसडीएम दादरी के समक्ष रखा जाएगा और उनके शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
संगठन विस्तार कार्यक्रम के दौरान दर्जनों लोगों ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की किसान हितैषी विचारधारा में विश्वास जताते हुए भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। संगठन के पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और प्रेरणादायी विचारों को याद करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश आज भी युवाओं और समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है। इस दौरान उनका प्रसिद्ध संदेश "उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए" तथा "नर सेवा ही नारायण सेवा है" का उल्लेख करते हुए युवाओं से आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और समाज सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में सिंहराज गुर्जर, संजय फौजी, रमेश फौजी, प्रदीप भाटी, अनिल खारी, कृष्ण प्रधान, दिनेश नागर, श्री पहलवान, अरुण भाटी, सुमित कसाना, अनूप नागर, राजा चौधरी, संजय भाटी, विपिन तंवर, महेश चेची, राजवीर भाटी, रामकेश भाटी, विजेंद्र भाटी, जयकरण सिंह, धीरज सिंह, राजेंद्र सिंह, देशराज सिंह, विक्रम भाटी, राजपाल सिंह, उदयराज भाटी, रामकिशन भाटी, शिवराज चौधरी, वीरपाल भाटी, कुलदीप भाटी सहित बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन किसानों के हितों की रक्षा और ग्रामीण विकास के लिए संगठित होकर संघर्ष जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।।
