बुधवार, 1 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एडीएम बच्चू सिंह को भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं को किया गया नमन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एडीएम बच्चू सिंह को भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं को किया गया नमन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 1 जुलाई 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) बच्चू सिंह के सेवानिवृत्त होने पर भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके लंबे, सफल और गौरवपूर्ण प्रशासनिक सेवाकाल को याद किया तथा जनहित के प्रति उनके समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) बच्चू सिंह ने अपने पूरे सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ शासकीय दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि उनकी सकारात्मक कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, सरल एवं सौम्य व्यवहार तथा सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की क्षमता उन्हें एक आदर्श अधिकारी बनाती है। उनका कार्यकाल जनपद प्रशासन के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चू सिंह ने प्रत्येक जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निभाते हुए हमेशा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके प्रशासनिक अनुभव और निर्णय क्षमता से जनपद प्रशासन को निरंतर मजबूती मिली। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज एवं प्रशासन के लिए उपयोगी रहेगा।

विदाई समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बच्चू सिंह के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। सभी ने उनके सहयोगात्मक व्यवहार, सहज व्यक्तित्व, विनम्र स्वभाव और समर्पित कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यशैली से सभी का दिल जीता। वक्ताओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

समारोह के अंत में जिलाधिकारी सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) बच्चू सिंह को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके प्रशासनिक योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।