संचारी रोगों पर सख्त प्रहार: जागरूकता रैली के साथ गौतमबुद्धनगर में एक माह का विशेष अभियान शुरू!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 01 जुलाई। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को एक माह तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, सेक्टर-39 नोएडा तथा जिला चिकित्सालय परिसर से भव्य जागरूकता रैली निकालकर की गई। अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और लोगों से स्वच्छता अपनाने तथा संचारी रोगों से बचाव के उपायों का पालन करने की अपील की।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक झा और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविन्द्र सिरोहा ने संयुक्त रूप से किया। रैली में नोएडा विकास प्राधिकरण के कर्मचारी, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर सेक्टर-39, सिटी सेंटर, राजकीय डिग्री कॉलेज होते हुए सेक्टर-41 तक निकाली गई, जहां लोगों को संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका गुप्ता, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जैस लाल, डॉ. पवन कुमार, डॉ. अमित चौधरी तथा जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कीटनाशकों का छिड़काव, फॉगिंग और व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, ताकि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर फीवर सर्वे करेंगी। इसके साथ ही कूलर, पानी की टंकियों और अन्य जलभराव वाले स्थानों की जांच कर मच्छरों के लार्वा नष्ट कराने की कार्रवाई की जाएगी। लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, पानी जमा न होने देने और संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जनसहभागिता और स्वच्छता के प्रति जागरूकता ही संचारी रोगों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से पूरे माह जनपदभर में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा।।
