शनिवार, 25 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में तेज रफ्तार लग्जरी कार का कहर: पर्थला चौक पर बाइक सवार की दर्दनाक मौत, चालक हिरासत में!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में तेज रफ्तार लग्जरी कार का कहर: पर्थला चौक पर बाइक सवार की दर्दनाक मौत, चालक हिरासत में!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। एक बार फिर नोएडा की सड़कों पर तेज रफ्तार लग्जरी कार का कहर देखने को मिला। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के पर्थला चौक के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आदित्य कुमार पुत्र जसवीर कुमार, निवासी हिंडन विहार, बरौला, सेक्टर-49 नोएडा के रूप में हुई है। बताया गया कि आदित्य अपनी मोटरसाइकिल एचआर-60 पी-3989 से सेक्टर-123 के डूब क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पर्थला चौक के पास यूपी-16 एफआर-3431 नंबर की लग्जरी कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में सवार युवक शराब के नशे में बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल लग्जरी कार को कब्जे में ले लिया है तथा वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

थाना सेक्टर-113 पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर नोएडा में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की समस्या को उजागर कर दिया है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यातायात नियमों के पालन और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को फिर से सामने ला दिया है।।