गौतमबुद्धनगर: दादरी में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो शातिर अपराधी गिरफ्तार; चोरी के जेवर, हथियार और कार बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि उसका साथी कॉम्बिंग अभियान के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, चोरी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त इग्निस कार, अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को थाना दादरी में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इग्निस कार में सवार अज्ञात बदमाश उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी घोड़ीबछेड़ा से रामगढ़ अंडरपास की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में करन नागर घायल हो गया, जबकि उसका साथी मुकुल पुलिस कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान करन नागर (23 वर्ष) निवासी रोजा जलालपुर, वर्तमान पता ओमीक्रोन-2 दादरी तथा मुकुल (24 वर्ष) निवासी राजतपुर, वर्तमान पता ओमीक्रोन-2 दादरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने करन के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया, जबकि मुकुल के पास से एक अवैध चाकू मिला। इसके अलावा दोनों आरोपियों से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त इग्निस कार (HR87Q5862) तथा दादरी के ज्यू-01 सेक्टर स्थित एक घर से चोरी किए गए दो जोड़ी पायल और दो जोड़ी बिछिया भी बरामद की गई हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्नैचिंग और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। पुलिस अब इनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। घायल अभियुक्त करन नागर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। करन नागर के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मुकुल के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर में हत्या के प्रयास, अपहरण, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
दादरी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।।
