मंगलवार, 7 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश; अधूरे निर्माण, अतिक्रमण और जाम के मुद्दे बैठक में छाए!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश; अधूरे निर्माण, अतिक्रमण और जाम के मुद्दे बैठक में छाए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 07 जुलाई। जनपद में व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापार बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में हुई इस बैठक में जिले के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने व्यापार से जुड़ी समस्याओं और स्थानीय स्तर पर लंबे समय से लंबित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों और प्राधिकरणों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने रूपवास बाईपास के अधूरे निर्माण कार्य, दादरी रेलवे रोड के निर्माण में हो रही देरी, तिगड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम, सड़कों पर गहरे गड्ढों तथा अन्य मूलभूत समस्याओं की ओर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित किया। व्यापारिक संगठनों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारिक संगठनों द्वारा उठाए गए प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित संवाद बनाए रखा जाएगा ताकि उनकी समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके और जिले का व्यापारिक माहौल बेहतर बनाया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, डिप्टी कमिश्नर (प्रशासन) राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में व्यापारिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई और प्रशासन ने सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।।