मंगलवार, 7 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर डीएम सख्त, संचारी रोग नियंत्रण अभियान और टीकाकरण की समीक्षा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर डीएम सख्त, संचारी रोग नियंत्रण अभियान और टीकाकरण की समीक्षा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 7 जुलाई। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ एवं जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति, शासी निकाय तथा विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, स्वास्थ्य कार्यक्रमों और संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में पहुंचना चाहिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि आमजन को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाए और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी रिक्त पदों पर शीघ्र शत-प्रतिशत भर्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक आवेदन की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के औसत मासिक मानदेय में वृद्धि के लिए प्रयास करने, लंबित प्रशिक्षण जल्द पूरा कराने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशाओं को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने डैशबोर्ड रैंकिंग में सुधार लाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन 11 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अभी तक जल कनेक्शन उपलब्ध नहीं है, वहां नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के समन्वय से शीघ्र पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, कार्यशील शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जेवर में ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना के लिए तत्काल प्रस्ताव भेजने तथा जिन प्रथम रेफरल इकाइयों में आवश्यकता है वहां सीजेरियन प्रसव की संख्या बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

बैठक में जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई और बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान भारत कार्ड बनाए जाएं तथा चिन्हित बच्चों की नियमित निगरानी और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित किया जाए।

टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में अभी शत-प्रतिशत टीकाकरण नहीं हुआ है, वहां छूटे हुए बच्चों और उनके परिवारों की क्षेत्रवार सूची तीन दिन के भीतर तैयार की जाए। इसके बाद विशेष अभियान चलाकर सभी पात्र बच्चों का समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी ने प्रथम सप्ताह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को संयुक्त सूक्ष्म कार्ययोजना बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में जनजागरूकता, स्वच्छता अभियान, जलभराव की रोकथाम, स्रोत नियंत्रण तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों के उन्मूलन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के पोर्टलों पर समयबद्ध एवं शुद्ध आंकड़े अपलोड करने, योजनाओं एवं अभियानों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार झा, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजीव सारस्वत, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आर.पी. सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा, डीपीएम मंजीत कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।