सोमवार, 20 जुलाई 2026

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा का सख्त पहरा: नोएडा व दिल्ली पुलिस का संयुक्त चेकिंग अभियान, संदिग्धों पर पैनी नजर!!

शेयर करें:

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा का सख्त पहरा: नोएडा व दिल्ली पुलिस का संयुक्त चेकिंग अभियान, संदिग्धों पर पैनी नजर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। राजधानी दिल्ली और नोएडा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर व्यापक संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सीमा से गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन एवं व्यक्ति की गहनता से जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी नोएडा साद मियां खान एवं एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 नोएडा मयंक तिवारी के नेतृत्व में थाना फेस-1 पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीमों ने बॉर्डर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

भियान के दौरान पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी दिल्ली-नोएडा बॉर्डर सहित प्रमुख स्थानों पर इस प्रकार के संयुक्त चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके और नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो।