सोमवार, 20 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: 12 साल से भरोसेमंद ड्राइवर ही निकला चोर: नोएडा पुलिस ने 9 लाख रुपये की नकदी और अवैध चाकू के साथ किया गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 12 साल से भरोसेमंद ड्राइवर ही निकला चोर: नोएडा पुलिस ने 9 लाख रुपये की नकदी और अवैध चाकू के साथ किया गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस ने महज दो दिन के भीतर चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल खुलासा करते हुए 12 वर्षों से मालिक के यहां चालक के रूप में कार्यरत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 9 लाख रुपये की पूरी नकदी और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी कपिल पुत्र सत्यभान को लाल पैथ लैब के सामने स्थित पार्क, नोएडा से गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई 9 लाख रुपये की शत-प्रतिशत नकदी तथा एक अवैध चाकू बरामद हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि 18 जुलाई 2026 को अलीगढ़ निवासी एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ नोएडा के एक मॉल में खरीदारी करने आए थे। इसी दौरान उनके साथ पिछले करीब 12 वर्षों से चालक के रूप में कार्यरत कपिल ने कार में रखा 9 लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया और फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-20 में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र का सहारा लिया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्षों तक ईमानदारी से नौकरी करने के बावजूद कार में इतनी बड़ी रकम देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल पुत्र सत्यभान, निवासी ग्राम नादा वाजिदपुर, थाना रोरावर, जिला अलीगढ़, उम्र लगभग 34 वर्ष (शिक्षा – पांचवीं पास) के रूप में हुई है।

बरामदगी:

  • 9 लाख रुपये नकद (चोरी की पूरी रकम)
  • एक अवैध चाकू

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध चोरी और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाना सेक्टर-20 पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी की पूरी रकम बरामद कर पीड़ित को राहत मिली, बल्कि यह भी साबित हुआ कि पुलिस आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सटीक खुफिया सूचना के आधार पर अपराधियों तक तेजी से पहुंचने में सफल हो रही है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने इस कार्रवाई को अपनी प्रभावी अपराध नियंत्रण नीति का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया है।।