शनिवार, 18 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर/नोएडा: तीन साल से फरार गैंगस्टर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा, वाहन चोरी गैंग का सक्रिय सदस्य सूरजपुर से गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर/नोएडा: तीन साल से फरार गैंगस्टर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा, वाहन चोरी गैंग का सक्रिय सदस्य सूरजपुर से गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस को गैंगस्टर एक्ट के एक लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी इंसाफ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से फरार चल रहा था और वाहन चोरी करने वाले गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सूरजपुर घंटा चौक स्थित टेम्पो स्टैंड के पास से आरोपी इंसाफ पुत्र खुर्शीद, निवासी गांव लाड़लाका, थाना जुरहरा, जिला ढींग (राजस्थान), उम्र लगभग 27 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-1 में चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, चोरी की संपत्ति रखने सहित गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 और 2023 के दौरान वाहन चोरी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर सेक्टर-58 पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों व आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि संगठित अपराध और वाहन चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।