गुरुवार, 16 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़: देशभर के कारोबारियों को ऑनलाइन मार्केटिंग के नाम पर ठगने वाला गिरोह पकड़ा, संचालक दंपति समेत तीन गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़: देशभर के कारोबारियों को ऑनलाइन मार्केटिंग के नाम पर ठगने वाला गिरोह पकड़ा, संचालक दंपति समेत तीन गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-63 पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए फर्जी कॉल सेंटर का संचालन करने वाले संचालक दंपति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर देशभर के व्यापारियों और उद्यमियों को ऑनलाइन मार्केटिंग, खरीदार उपलब्ध कराने और फर्जी सर्टिफिकेट जारी करने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, लैपटॉप, सीपीयू, सिम कार्ड तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, वादी द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच के दौरान इस संगठित साइबर गिरोह का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि सेक्टर-63 स्थित ए-135 भवन में फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था, जहां से देश के विभिन्न राज्यों के व्यापारियों और उद्योगपतियों को फोन कर ऑनलाइन मार्केटिंग सेवाएं, ग्राहकों की उपलब्धता और विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र दिलाने का झांसा देकर उनसे धनराशि वसूली जाती थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के मुख्य संचालक रणबीर सिंह, उसकी पत्नी ज्योति तथा सहयोगी ललित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

भारी मात्रा में उपकरण और दस्तावेज बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 39 स्मार्ट मोबाइल फोन, 9 कीपैड मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, 36 सीपीयू, 32 सिम कार्ड तथा विभिन्न टैक्स इनवॉइस और अन्य दस्तावेज बरामद किए। पुलिस का मानना है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल साइबर ठगी और फर्जी कॉल सेंटर के संचालन में किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी

  • रणबीर सिंह (48 वर्ष), निवासी शक्तिखंड-4, इंदिरापुरम, गाजियाबाद
  • ज्योति (33 वर्ष), पत्नी रणबीर सिंह, निवासी शक्तिखंड-4, इंदिरापुरम, गाजियाबाद
  • ललित कुमार (25 वर्ष), निवासी हिंडन विहार, ग्राम बरौला, थाना सेक्टर-49, नोएडा

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में मु0अ0सं0 303/2026 के तहत धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन मार्केटिंग, खरीदार उपलब्ध कराने या किसी भी प्रकार के प्रमाणपत्र दिलाने के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल और ऑफरों से सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की धनराशि भेजने से पहले संबंधित संस्था की पूरी तरह जांच-पड़ताल अवश्य करें।