मंगलवार, 14 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: गेझा में सीवर सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा: सफाईकर्मी शिवा की मौत, ठेकेदार पर मुकदमा और ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: गेझा में सीवर सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा: सफाईकर्मी शिवा की मौत, ठेकेदार पर मुकदमा और ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के गेझा गांव में मंगलवार शाम सीवर लाइन की सफाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक सफाईकर्मी की जान चली गई। मृतक की पहचान शिवा के रूप में हुई है। इस घटना ने एक बार फिर सीवर सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिजनों और साथी कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

घटना सेक्टर-93बी और ग्राम गेझा के समीप टी-पॉइंट पर हुई, जहां जलखंड-3 के अंतर्गत गहरी सीवर लाइन की सफाई का कार्य चल रहा था। नोएडा प्राधिकरण के अनुसार सफाई मित्र शिवा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सेफ्टी बेल्ट, ऑक्सीजन मास्क और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ सीवर मैनहोल में उतरकर ब्लॉकेज हटाने का कार्य कर रहे थे।

प्राधिकरण के मुताबिक, सफाई के दौरान कुछ समय बाद जब फील्ड स्टाफ ने शिवा को ऊपर खींचने का प्रयास किया तो वह मैनहोल के अंदर मौजूद तारों में फंस गए। स्थिति गंभीर होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी गई। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शिवा को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि सीवर सफाई का यह कार्य नोएडा प्राधिकरण के अनुबंध के तहत एम/एस शिवजी कंस्ट्रक्शंस कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। घटना के बाद नोएडा प्राधिकरण ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट (काली सूची) में डालने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

प्राधिकरण ने इस मामले में जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अवर अभियंता (संविदा) राकेश कुमार की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इसके अलावा संबंधित प्रबंधक के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने तथा वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की गई है।

नोएडा प्राधिकरण ने कहा है कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार हर संभव आर्थिक और अन्य आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद सीवर सफाई कार्यों में सुरक्षा मानकों के पालन, ठेकेदारों की जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाना जरूरी है।