गौतमबुद्धनगर: दादरी में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़: महिला से लूटा गया लोकेट बरामद, गोली लगने से एक बदमाश घायल, स्नैचिंग-चोरी गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने दादरी क्षेत्र में स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया लोकेट, चोरी के आभूषण, 40 हजार रुपये नकद, अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त आर-15 मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को थाना दादरी पुलिस और ग्रेटर नोएडा एसओजी टीम घोड़ी बछेड़ा से हजरतपुर नहर बंबा मार्ग पर संयुक्त चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक आर-15 मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन तीनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आलम के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान आलम पुत्र नबीदाद (21 वर्ष) निवासी रामनगर, गुलावठी, बुलंदशहर के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसके दो साथी सद्दाम पुत्र नज्जू (20 वर्ष) और जिसान पुत्र नौसाद (20 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 23 जुलाई को दादरी क्षेत्र में एक महिला के गले से पीली धातु का लोकेट छीना था। इस मामले में थाना दादरी में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नैच किया गया वही लोकेट बरामद कर लिया है।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने करीब 15 दिन पहले दादरी के म्यू-1 क्षेत्र में एक बंद मकान में चोरी की वारदात को भी कबूल किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की चार जोड़ी बिछिया, दो सफेद धातु के सिक्के तथा चोरी के जेवर बेचकर हासिल किए गए 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो अवैध चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त आर-15 मोटरसाइकिल (UP16 EB3518) भी बरामद की है।
गिरफ्तार तीनों आरोपी बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार इनके खिलाफ दादरी थाने में पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
घायल बदमाश आलम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर स्नैचिंग और चोरी की अन्य घटनाओं के खुलासे की भी उम्मीद है। दादरी पुलिस और एसओजी की इस संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
