गुरुवार, 9 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: धान की रोपाई कर लौट रहे बिहार के तीन मजदूरों को कुचला, मौके पर मौत; चालक की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटीं!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: धान की रोपाई कर लौट रहे बिहार के तीन मजदूरों को कुचला, मौके पर मौत; चालक की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटीं!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा/जेवर। गौतमबुद्ध नगर के जेवर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। जेवर-खुर्जा मार्ग पर नीमका गांव के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन मजदूरों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि तीनों मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक स्कॉर्पियो समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान करन (22) पुत्र मिथलेश, विश्वजीत (24) पुत्र सतीश और मिथुन (25) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के अररिया जनपद के निवासी थे और जेवर क्षेत्र में धान की रोपाई का कार्य करने आए हुए थे। बुधवार देर रात काम समाप्त कर तीनों पैदल लौट रहे थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर थाना जेवर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।

जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान स्कॉर्पियो के रूप में कर ली है। साथ ही वाहन चालक की भी पहचान हो चुकी है। मृतकों के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और वाहन की तलाश भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोजी-रोटी की तलाश में बिहार से गौतमबुद्ध नगर आए तीन मजदूर एक पल में काल का ग्रास बन गए, जिससे उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।।