गौतमबुद्धनगर/ग्रेटर नोएडा वेस्ट: अम्रपाली लीजर वैली AOA चुनाव में 'टीम निष्ठा' की ऐतिहासिक जीत, 'टीम ऊर्जा' को मिली हार!!
अमित गोयल को मिले सर्वाधिक 264 वोट, परमेश्वर सिंह ने भी मजबूत प्रदर्शन कर हासिल किया दूसरा स्थान
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। अम्रपाली लीजर वैली सोसाइटी के बहुप्रतीक्षित अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। चुनाव में टीम निष्ठा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ऊर्जा को स्पष्ट अंतर से पराजित कर दिया। परिणाम सामने आते ही विजयी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
चुनाव परिणामों में अमित गोयल ने 264 वोट प्राप्त कर सबसे अधिक मत हासिल किए और शीर्ष स्थान पर रहे। उनकी जीत को सोसाइटी के निवासियों द्वारा उनके नेतृत्व, सक्रिय कार्यशैली और विकास के प्रति विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है। चुनाव के दौरान उन्होंने सोसाइटी के विकास, पारदर्शी प्रशासन और बेहतर सुविधाओं को अपना प्रमुख एजेंडा बनाया, जिसे मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिला।
वहीं परमेश्वर सिंह ने भी 240 वोट प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया और चुनाव में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने पूरे चुनाव अभियान के दौरान सकारात्मक, संयमित और गरिमापूर्ण तरीके से अपनी बात निवासियों के बीच रखी। उन्हें भी बड़ी संख्या में मतदाताओं का समर्थन मिला, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि सोसाइटी के बीच उनकी मजबूत पकड़ और लोकप्रियता कायम है।
इसके अलावा रणबीर सिंह कादियान को 207 वोट, पंकज गुप्ता को 204, वत्सला राय को 201, संजय कुमार (शर्मा) को 198, जॉली अस्थाना को 194, मिहिर कुमार को 190, अवनीश गुप्ता को 189 तथा अजीत वशिष्ठ को 182 वोट प्राप्त हुए और उन्होंने शीर्ष दस विजेताओं में अपनी जगह बनाई।
चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया कि इस बार सोसाइटी के अधिकांश मतदाताओं ने टीम निष्ठा के नेतृत्व और उसकी कार्ययोजना पर भरोसा जताया। वहीं टीम ऊर्जा को अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिल सका और उसे हार का सामना करना पड़ा।
शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए इस चुनाव के बाद विजयी टीम ने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता सोसाइटी में बेहतर रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, स्वच्छता, वित्तीय पारदर्शिता और निवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की प्रमुख आवासीय सोसाइटियों में शामिल अम्रपाली लीजर वैली के इस AOA चुनाव को लेकर शुरुआत से ही काफी उत्साह था। अब नई टीम से सोसाइटी के निवासी बेहतर प्रबंधन, विकास कार्यों में तेजी और पारदर्शी प्रशासन की उम्मीद लगाए हुए हैं।।
