सोमवार, 20 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: 7 साल की बेटी को साथ ले जाने की जिद पर पति के घर के बाहर धरने पर बैठी मां, देवटा गांव में पारिवारिक विवाद बना हाईवोल्टेज ड्रामा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 7 साल की बेटी को साथ ले जाने की जिद पर पति के घर के बाहर धरने पर बैठी मां, देवटा गांव में पारिवारिक विवाद बना हाईवोल्टेज ड्रामा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। दनकौर थाना क्षेत्र के देवटा गांव में रविवार को पारिवारिक विवाद उस समय सड़क पर आ गया, जब एक महिला अपनी 7 वर्षीय बेटी को अपने साथ ले जाने की मांग को लेकर पति के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। बेटी को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ी महिला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, पति ने बेटी को महिला के साथ भेजने से साफ इनकार कर दिया। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, खेड़ा धर्मपुर (छपरौला) निवासी महिला की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व देवटा गांव में हुई थी। दंपति की एक 7 वर्षीय बेटी है। किसी पारिवारिक विवाद के चलते दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे हैं। महिला का आरोप है कि वह अपनी बेटी को अपने साथ रखना चाहती है, लेकिन पति उसे बेटी को ले जाने नहीं दे रहा है।

बेटी को पाने की जिद में महिला पति के घर के बाहर ही धरने पर बैठ गई। इस दौरान वह लगातार रोती-बिलखती रही और अपनी बेटी को अपने साथ भेजने की मांग करती रही। दूसरी ओर, पति अपने फैसले पर अड़ा रहा, जिसके कारण दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और माहौल को शांत कराने में जुट गई। ग्रामीणों ने भी बीच-बचाव कर विवाद को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर कायम थे।

पारिवारिक विवाद के चलते गांव में काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है और मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।।