अम्बेडकरनगर :
कटेहरी में गूंजा शिक्षा का संदेश,रैली निकाल कर किया जागरूक, नवप्रवेशी बच्चों को मिली निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें।
।।पूनम तिवारी।।
दो टूक : अम्बेडकर नगर।उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत शिक्षा क्षेत्र कटेहरी में सोमवार को भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के साथ परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख कटेहरी मौसम वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सिंह रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं खंड शिक्षा अधिकारी सुश्री प्रिया पाठक ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया।रैली के माध्यम से लोगों को बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने विभिन्न विद्यालयों में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया।वहीं सर्वाधिक नामांकन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मौसम वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें,ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय कटघरवा में खंड शिक्षा अधिकारी सुश्री प्रिया पाठक ने मध्याह्न भोजन योजना का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण कर उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संतोष व्यक्त किया।
खंड शिक्षा अधिकारी सुश्री प्रिया पाठक ने कहा कि विभाग का निरंतर प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिले और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार हो।
कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र के सभी एआरपी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
●कार्यक्रम की फोटो --1
