.अम्बेडकरनगर :
कांवड़ यात्रा हेतु प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील ।।
।।ए के चतुर्वेदी ।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के जलालपुर में कोलकाता बोल बम निःशुल्क सेवा समिति की ओर से आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर समिति के अध्यक्ष राज कपूर( बुलडोजर बाबा)और विकाश निषाद ने उपजिलाधिकारी, जलालपुर को ज्ञापन सौंपा है। इसमें यात्रा मार्ग पर अधूरे विकास कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की मांग की गई है।
समिति द्वारा 11 और 12 अगस्त 2026 को कांवड़ यात्रा आयोजित की जाएगी। 11 अगस्त को दुर्गा मंदिर परिसर से जलाभिषेक के लिए नसोपुर घाट तक यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 12 अगस्त को श्रद्धालु वाराणसी स्थित बाबा काशी विश्वनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे।
राज कपूर ने बताया कि ज्ञापन में प्रमुख रूप से नसोपुर घाट मंदिर से घाट तक अधूरे खड़ंजा मार्ग एवं सीढ़ियों के निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई है। साथ ही, घाट की साफ-सफाई, दुर्गा मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान, यात्रा मार्ग पर विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, जर्जर मार्गों की मरम्मत तथा विद्युत पोलों व लाइनों की सुरक्षा जांच पर जोर दिया गया है।
समिति ने पुलिस, स्वास्थ्य, पेयजल जैसी आवश्यक जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा घाट पर संकरी सीढ़ियों को चौड़ा कराने की भी मांग की है। राज कपूर ने प्रशासन से जनहित एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए इन मांगों पर तत्काल कार्रवाई किए जाने की अपील की है।
