गौतमबुद्धनगर/नोएडा: सेक्टर-96 अंडरपास में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, 18 वर्षीय युवक की मौत, दो साथी गंभीर!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-96 अंडरपास के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:45 बजे बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार चंदन, गुलशन और नासिर सेक्टर-45 सदरपुर से सेक्टर-96 अंडरपास की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सेक्टर-96 अंडरपास के पास पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल, सेक्टर-39 पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने गुलशन पुत्र मानक चंद (उम्र करीब 18 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। गुलशन सलारपुर, सेक्टर-81 स्थित गली नंबर-10, चांद मस्जिद के पास का निवासी था तथा उसका मूल निवास गांव नगला निनह, थाना बरनाल, जिला मैनपुरी बताया गया है।
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल चंदन और नासिर की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल, नई दिल्ली रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज गति और यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित ढंग से वाहन चलाएं।।
