लखनऊ :
अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़,9 आरोपी गिरफ्तार।
दो टूक: कमिश्नरेट लखनऊ पुलिस ने ऑपरेशन CY-VAJRA के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एनसीआरपी/जेएमआईएस पोर्टल पर प्राप्त म्यूल (Mule) अकाउंट्स के सत्यापन के दौरान पुलिस ने 9 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 50 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 3 चेकबुक, 2 पासबुक, मोबाइल फोन, टैबलेट, आईपैड, ₹53,100 नकद तथा घटना में प्रयुक्त कार और बाइक बरामद की गई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी भोले-भाले लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करते थे। साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में जमा कर नकद निकासी की जाती थी या फिर उसे यूएसडीटी (USDT) क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विदेशी, विशेष रूप से चीनी साइबर अपराधियों के डिजिटल वॉलेट में भेजा जाता था। इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों को प्रत्येक लेन-देन पर कमीशन मिलता था।
विस्तार :
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्णा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के मार्गदर्शन में डीसीपी उत्तरी, क्राइम ब्रांच, साइबर टीम और थाना मड़ियांव पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग डाटा, डिजिटल सर्विलांस एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आजम और अब्दुल नामक व्यक्तियों के माध्यम से इस नेटवर्क से जुड़े थे। उनके निर्देश पर अलग-अलग जिलों में बैंक खाते खुलवाए जाते थे और खाताधारकों से एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, इंटरनेट बैंकिंग आईडी तथा अन्य बैंकिंग दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर साइबर अपराध से अर्जित धनराशि का लेन-देन किया जाता था। आरोपियों के विदेशी साइबर अपराधियों से संपर्क टेलीग्राम सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से होने की भी पुष्टि हुई है।
पुलिस ने इस मामले में थाना मड़ियांव पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-सी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों के मोबाइल फोन, टैबलेट, बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट, क्रिप्टो ट्रांजैक्शन और टेलीग्राम चैट का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है। अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
बरामदगी
50 एटीएम/क्रेडिट कार्ड
3 चेकबुक
2 पासबुक
1 टैबलेट एवं 1 आईपैड
₹53,100 नकद
कार संख्या UP32FB8191
बाइक संख्या UP32GA4936
जनसामान्य से अपील
कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, इंटरनेट बैंकिंग आईडी, पासवर्ड या ओटीपी उपलब्ध न कराएं। किसी के कहने पर अपने बैंक खाते का उपयोग न करने दें तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस उपायुक्त उत्तरी ने संयुक्त पुलिस टीम को ₹10,000 के पुरस्कार की घोषणा की है।
