रविवार, 12 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर:"एक पेड़, बेहतर कल की नींव": सेक्टर-82 ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में आरडब्ल्यूए ने लगाए 100 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:"एक पेड़, बेहतर कल की नींव": सेक्टर-82 ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में आरडब्ल्यूए ने लगाए 100 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। प्रदेशभर में चल रहे हरित अभियान के बीच रविवार को सेक्टर-82 स्थित ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की ओर से व्यापक पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर करीब 100 पौधे लगाए गए। इनमें नीम, अमरूद, बेल और आंवला जैसे पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए उपयोगी पौधे शामिल रहे। स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने कहा कि प्रकृति ही मानव जीवन का आधार है। स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और स्वस्थ जीवन के लिए पेड़ों का संरक्षण और संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण पेड़ों की संख्या लगातार कम हो रही है और उनकी जगह कंक्रीट के जंगल खड़े हो गए हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए।

राघवेंद्र दुबे ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने का संकल्प है। उन्होंने सभी निवासियों से अपील की कि वे अपने घर, पार्क और आसपास के खाली स्थानों पर पौधे लगाकर हरित नोएडा के निर्माण में योगदान दें।

क्षेत्र के सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले राघवेंद्र दुबे ने कहा कि आरडब्ल्यूए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियान लगातार चलाती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण के इस मिशन से जुड़ सकें।

पौधारोपण अभियान में सुशील पाल, उत्तम चंद्रा, पप्पू सिंह, दीपक तिवारी, गुड्डू चौधरी, विष्णु शर्मा, रमेश वर्मा, वी.के. मिश्रा सहित बड़ी संख्या में आरडब्ल्यूए पदाधिकारी एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।

आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाले वर्षों में शहर को अधिक हराभरा, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है। यही अभियान का मुख्य उद्देश्य भी है।।