शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में धंसा विकास का दावा! सेक्टर-73 में सड़क बैठी, नाला-ट्रांसफॉर्मर प्रभावित, बारात घर झुका; निर्माण गुणवत्ता पर उठे बड़े सवाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में धंसा विकास का दावा! सेक्टर-73 में सड़क बैठी, नाला-ट्रांसफॉर्मर प्रभावित, बारात घर झुका; निर्माण गुणवत्ता पर उठे बड़े सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच सेक्टर-73 के सरफाबाद क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां निर्माणाधीन डी-मार्ट परियोजना के पास अचानक सड़क धंसने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धंसाव का असर केवल सड़क तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास की कई महत्वपूर्ण संरचनाएं भी इसकी चपेट में आ गईं। आई-थम बिल्डिंग की दीवार, नोएडा अथॉरिटी द्वारा निर्मित नाला और ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हुए हैं। वहीं निर्माण स्थल से सटा एक बारात घर झुकने के बाद एहतियातन बंद कर उस पर ताला लगा दिया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माणाधीन साइट के आसपास अचानक जमीन धंसने लगी, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा बैठ गया। इसके बाद आसपास की संरचनाओं में भी दरारें और धंसाव के संकेत दिखाई देने लगे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोगों ने संभावित बड़े हादसे की आशंका जताई।

धंसाव का सबसे अधिक असर निर्माण स्थल से सटे बारात घर पर देखने को मिला। भवन के झुकने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा के मद्देनज़र उसे तत्काल खाली कर ताला लगा दिया गया। समय रहते यह कदम उठाए जाने से किसी अप्रिय घटना से बचाव हो सका।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और तकनीकी नियमों का समुचित पालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य वैज्ञानिक तरीके से और पर्याप्त सुरक्षा उपायों के साथ किया जाता तो इस प्रकार की स्थिति पैदा नहीं होती। लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी एजेंसी व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल संबंधित विभागों द्वारा मौके का निरीक्षण किया जा रहा है। धंसाव के वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर नोएडा में बड़े निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।।