गौतमबुद्धनगर: पहली ही बारिश में बह गई निर्माण की हकीकत! नोएडा अथॉरिटी की 10 फीट ऊंची दीवार ढही, मलबे में दबे कई वाहन, गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। शहर में मानसून की पहली तेज बारिश ने नोएडा प्राधिकरण के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-12 के वाई ब्लॉक में प्राधिकरण द्वारा निर्मित करीब 10 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे के नीचे तीन से अधिक वाहन दब गए। घटना के कारण रास्ता भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस दौरान दीवार के आसपास कोई राहगीर या वाहन चालक मौजूद नहीं था। यदि घटना के समय वहां लोगों की आवाजाही होती तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि पहली ही तेज बारिश में दीवार का इस तरह ढह जाना निर्माण की मजबूती और कार्यदायी संस्था की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी की जाती तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।
फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगा है। मलबा हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है ताकि आवागमन जल्द सामान्य हो सके। दीवार किन कारणों से गिरी, इसका वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
