गौतमबुद्धनगर: खुले नाले ने छीनी बुजुर्ग की जिंदगी: 70 वर्षीय व्यक्ति की हादसे में मौत, नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। शहर में खुले नालों की खतरनाक स्थिति एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा इलाके में खुले नाले में गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाले को ढकने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था।
जानकारी के अनुसार, मामूरा गली नंबर-7 निवासी रुमाल सिंह (70 वर्ष) सड़क किनारे बने खुले नाले के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में गिर गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है तथा मामले की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि मामूरा समेत शहर के कई इलाकों में खुले नाले लंबे समय से लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं, लेकिन इन्हें सुरक्षित करने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। कई बार शिकायतों के बावजूद नालों को ढकने या सुरक्षा रेलिंग लगाने जैसी जरूरी व्यवस्थाएं नहीं की गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में खुले नाले और अधिक खतरनाक हो जाते हैं। ऐसे में हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाएं तो इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।
यह हादसा एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बावजूद लापरवाही कब तक जारी रहेगी? शहरवासियों की मांग है कि खुले नालों को तत्काल सुरक्षित कराया जाए ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।।
