गुरुवार, 16 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के सेक्टर-61 में पहली बार निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ, भक्ति से सराबोर हुआ पूरा क्षेत्र!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के सेक्टर-61 में पहली बार निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ, भक्ति से सराबोर हुआ पूरा क्षेत्र!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 16 जुलाई। सेक्टर-61 स्थित श्री स्वर्णक्षेत्र (रॉयल गार्डन एस्टेट) में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा पहली बार ऐतिहासिक और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा में करीब दो हजार ओड़िया एवं गैर-ओड़िया श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में "जय जगन्नाथ" के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रंग-बिरंगे फूलों से सजे भव्य रथ और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों ने कार्यक्रम को दिव्य स्वरूप प्रदान किया।

सुबह भोर से ही मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा एवं भगवान सुदर्शन के समक्ष विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठान शुरू हो गए। लगभग सुबह आठ बजे पारंपरिक 'पाहंडी बीजे' की रस्म संपन्न हुई, जिसमें सबसे पहले भगवान सुदर्शन, फिर भगवान बलभद्र, उसके बाद देवी सुभद्रा और अंत में भगवान श्री जगन्नाथ को श्रद्धालुओं के जयघोष के बीच सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया।

रथयात्रा का आयोजन हिंदू सम्मिलनी समिति, रॉयल गार्डन एस्टेट मंदिर समिति और सामुदायिक विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। सेक्टर-61 के अलावा सेक्टर-52, 53 और 33 सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने पहुंचे। पहली बार आयोजित इस रथयात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

इस भव्य आयोजन के मुख्य संयोजक समाजसेवी एवं प्रख्यात चार्टर्ड अकाउंटेंट डॉ. मनोरंजन मोहंती के नेतृत्व में लगभग 200 स्वयंसेवकों ने पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संभाला। सुरक्षा, यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक कार्यक्रमों के संचालन की व्यापक तैयारियां की गई थीं, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सफल रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक डॉ. मृत्युञ्जय मोहापात्रा ने भगवान के रथ के समक्ष पारंपरिक 'छेरा पहंरा' (रथ के आगे झाड़ू लगाने की प्राचीन परंपरा) का निर्वहन कर भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। इसके बाद सुबह करीब साढ़े आठ बजे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति के साथ रथ को खींचना शुरू किया। भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान सुदर्शन को लेकर निकली रथयात्रा सेक्टर-61 के सामुदायिक केंद्र स्थित मौसीमा मंदिर की ओर रवाना हुई।

रथयात्रा मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए खड़े रहे। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर भजन-कीर्तन, शंखनाद और "जय जगन्नाथ" के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आयोजकों ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ सहित चारों विग्रह अब नौ दिनों तक मौसीमा मंदिर में विराजमान रहेंगे। इसके बाद 24 जुलाई को बहुदा यात्रा (वापसी रथयात्रा) भी पहली बार इसी भव्यता और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी।

धार्मिक आयोजन के अंतर्गत सहारनपुर के प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता आचार्य अजय किरण 16 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रतिदिन सायंकाल श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे। श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे।

हिंदू सम्मिलनी समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन मोहंती ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की यह पहली रथयात्रा नोएडा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में एक नई शुरुआत है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस आयोजन को और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जाएगा ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ की इस दिव्य परंपरा से जुड़ सकें।

इस पूरे आयोजन का विभिन्न माध्यमों से लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालु भी इस ऐतिहासिक रथयात्रा के साक्षी बन सके। पहली बार आयोजित इस भव्य रथयात्रा ने सेक्टर-61 सहित पूरे नोएडा में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का अनूठा संदेश दिया !!