लखनऊ :
55 दिन में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़,दो आरोपी गिरफ्तार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गाजीपुर पुलिस ने ऑपरेशन CyVajra के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए "55 दिन में पैसा दोगुना" करने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को चिन्हित कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट, प्रचार-पम्पलेट, सेमिनारों के फोटो तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को हरिहर नगर, कमता निवासी श्रीमती लक्ष्मी पाण्डेय ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दीपक तिवारी और मनोज कुमार मिश्र ने उनके पति को "BG Wealth" नामक फर्जी निवेश योजना में 55 दिन में धन दोगुना करने का झांसा देकर निवेश कराया। जब निवेश की गई धनराशि वापस लेने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने पहले 12 प्रतिशत टैक्स जमा करने की शर्त रखी और बाद में रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी "BG Wealth" नाम से व्हाट्सएप ग्रुप संचालित करते थे, जिसमें निवेश संबंधी भ्रामक संदेश, कोड और आकर्षक दावे साझा कर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर सेमिनार आयोजित कर प्रचार सामग्री और पम्पलेट के माध्यम से लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित किया जाता था।
शिकायत के आधार पर थाना गाजीपुर में मु0अ0सं0-0241/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) एवं 352 में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों पर कुल ₹1,71,814 की धोखाधड़ी करने तथा रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को ट्रेस कर पूछताछ की। इस दौरान मोबाइल फोन में व्हाट्सएप चैट, सेमिनारों के फोटोग्राफ, प्रचार सामग्री एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए। साथ ही NCRP के माध्यम से संबंधित म्यूल खातों में ₹1.05 लाख की धनराशि सफलतापूर्वक होल्ड करा दी गई है।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों और थानों से जुटा रही है तथा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई निवेश के नाम पर साइबर वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता है और इससे भविष्य में कई लोगों को ठगी का शिकार होने से बचाया जा सकेगा।
