लखनऊ :
ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली दवाओं का खेल,2,157 बोतल स्प्यूरियस दवाएं बरामद,एक गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बक्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली दवाओं के कारोबार का पर्दाफाश किया है। संयुक्त छापेमारी में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर तैयार की गई 2,157 बोतल संदिग्ध/स्प्यूरियस (नकली) दवाएं बरामद की गईं। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 16 जुलाई को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर थाना बीकेटी पुलिस ने किसान पथ स्थित मामपुर खड़ंजा मार्ग पर एक संदिग्ध ओमनी वैन (UP32BW7091) को रोककर जांच की। वाहन में बड़ी मात्रा में दवाएं मिलने पर औषधि विभाग की टीम को बुलाया गया। जांच के दौरान चालक कोई वैध औषधि लाइसेंस अथवा बिल-वाउचर प्रस्तुत नहीं कर सका।
औषधि निरीक्षकों की जांच में Rubired 200 ml की 246 बोतल, ALKASOL Sugar Free 100 ml की 1,063 बोतल तथा Mucaine Gel 200 ml की 848 बोतल बरामद हुईं। वर्षा के कारण सभी दवाओं को 13 प्लास्टिक की बोरियों में सील कर सुरक्षित किया गया।
निर्माता कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा जांच में ALKASOL Sugar Free के लेबल, कैप, प्रिंटिंग, लोगो और अन्य सुरक्षा मानकों में गंभीर अंतर पाए गए, जिसके बाद इसे प्रथम दृष्टया स्प्यूरियस (नकली) घोषित किया गया। इसी प्रकार Mucaine Gel के लेबल में भी कई गंभीर खामियां मिलीं। अन्य दवाओं के नमूने भी जांच एवं विश्लेषण के लिए सुरक्षित कर लिए गए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी भूपेन्द्र सिंह (33 वर्ष), निवासी पकरा, थाना माल, लखनऊ ने बताया कि बरामद दवाएं राज विक्रम सिंह और विनीत सिंह की हैं तथा वह उनके कहने पर इन्हें अमीनाबाद पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में राज विक्रम सिंह और विनीत सिंह की तलाश जारी है।
पुलिस ने बरामद नकली दवाओं के साथ ओमनी वैन भी कब्जे में ले ली है। अधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले नकली दवा कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
