शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी पर बड़ा प्रहार: सेक्टर-20 पुलिस ने 5 महिला तस्करों को दबोचा, 6.1 किलो अवैध गांजा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी पर बड़ा प्रहार: सेक्टर-20 पुलिस ने 5 महिला तस्करों को दबोचा, 6.1 किलो अवैध गांजा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत थाना सेक्टर-20 पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में संलिप्त पांच महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार महिलाओं में कई ऐसी हैं जिनके खिलाफ चोरी, लूट और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों के मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सेक्टर-18 स्थित बिजलीघर के पास बने पार्क से पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान नेहा पत्नी कालूराम, प्रेमा पत्नी रामभजन, बिंदिया उर्फ सोनाक्षी पत्नी अरबे सिंह, लक्ष्मी पत्नी तिलक तथा सुशीला उर्फ करिश्मा पत्नी विश्वदीप के रूप में हुई है। इनमें तीन महिलाएं मध्य प्रदेश के राजगढ़ की निवासी हैं, जबकि दो महिलाओं का संबंध आगरा से है और वर्तमान में वे दिल्ली के कल्याणपुरी क्षेत्र में रह रही थीं।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार महिलाओं में से कई के खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, लूट के प्रयास और अवैध गतिविधियों से जुड़े कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह नोएडा और एनसीआर में किन-किन क्षेत्रों में गांजे की आपूर्ति करता था तथा इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को भी उसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर उनके सप्लायर और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पुलिस ने बरामद 6 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा को कब्जे में लेकर थाना सेक्टर-20 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।।