सुल्तानपुर :
पुलिस मुठभेड़ में ₹50 हजार का इनामी बदमाश समेत 4 शातिर चोर गिरफ्तार।।
●₹11 लाख नकद,जीप कंपास और अवैध असलहा बरामद।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद पुलिस ने जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान सीतापुर के ₹50 हजार के इनामी बदमाश समेत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से तीन देसी तमंचे, 22 जिंदा कारतूस, करीब ₹11 लाख नकद, एक जीप कंपास और चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक 2/3 जुलाई की रात करीब 3 बजे पीढ़ी टोल के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध जीप कंपास की सूचना मिली। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भाग निकले। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी घायल हो गए, जबकि चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत चौहान (नरेंद्रपुर, थाना सदरपुर, सीतापुर) शामिल है, जिस पर 52 मुकदमे दर्ज हैं और वह ₹50 हजार का इनामी बदमाश है। इसके अलावा आकाश (बीबीपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, सीतापुर) पर 46, मिथलेश चौहान (मथुआपुर, थाना रेउसा, सीतापुर) पर 26 तथा अजय (बीबीपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, सीतापुर) पर 22 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वही घायल तीनों आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी जयसिंहपुर भेजा गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने आसपास के कई जनपदों में चोरी और नकबजनी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी चोरी की नीयत से सुल्तानपुर आए थे। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
