रविवार, 5 जुलाई 2026

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: दिल्ली-नोएडा आ रही डबल डेकर बस पलटी, 50 घायल, 12 की हालत गंभीर!!

शेयर करें:

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: दिल्ली-नोएडा आ रही डबल डेकर बस पलटी, 50 घायल, 12 की हालत गंभीर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में रविवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिद्धार्थनगर से दिल्ली और नोएडा आ रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस पचदेवरा थाना क्षेत्र के सपाभापुर गांव के पास अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से करीब 10 फीट नीचे खेत में पलट गई। हादसे में करीब 50 यात्री घायल हो गए, जबकि 12 यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के अनुसार, हादसे के समय चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान उसका ध्यान सड़क से भटक गया और बस का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर करीब 10 फीट गहरे खेत में पलट गई। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

बस पलटते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पचदेवरा थाना पुलिस और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में घायल करीब 50 यात्रियों का उपचार चल रहा है। इनमें से 12 यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। यात्रियों द्वारा चालक के मोबाइल फोन पर बात करने के लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही की पुष्टि होती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।।