गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-18 की मल्टी लेवल पार्किंग से महिला ने लगाई छलांग, मौत; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र सेक्टर-18 में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सेक्टर-18 स्थित मल्टी लेवल कार पार्किंग से एक महिला ने छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सेक्टर-18 नोएडा का प्रमुख शॉपिंग और व्यावसायिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना ने मल्टी लेवल कार पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-18 स्थित मल्टी लेवल कार पार्किंग से एक महिला ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला लंबे समय से मानसिक अवसाद से पीड़ित थी। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि शहर की सबसे बड़ी और सबसे व्यस्त मल्टी लेवल पार्किंग में सुरक्षा के क्या इंतजाम हैं। पार्किंग का संचालन एमजी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (MG Infra Pvt. Ltd.) द्वारा किया जा रहा है। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या ऊंची मंजिलों पर सुरक्षा बैरियर, निगरानी व्यवस्था और आपातकालीन सुरक्षा उपाय पर्याप्त हैं या नहीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पार्किंग का उपयोग केवल वाहन खड़े करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां गैराज और इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग जैसी गतिविधियां भी संचालित होती हैं। इसके बावजूद सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर लापरवाही दिखाई देती है। यदि सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बेहतर होती तो शायद ऐसी घटनाओं की संभावना कम की जा सकती थी।
इस घटना ने नोएडा प्राधिकरण की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि क्या प्राधिकरण की जिम्मेदारी केवल पार्किंग का टेंडर जारी करने तक सीमित है, या फिर समय-समय पर सुरक्षा मानकों का निरीक्षण और उनका पालन सुनिश्चित करना भी उसकी जवाबदेही है। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं इस हादसे के बाद शहर में मल्टी लेवल पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था, संचालन और जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि संबंधित एजेंसियां इस घटना से सबक लेकर सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए क्या ठोस कदम उठाती हैं।
