गोण्डा :
कीचड़ और जलभराव ने रोकी रफ्तार, वार्ड नंबर-5 के बाशिंदों ने नगर पालिका को चेताया।।
बरसात के बाद सड़क बनी दलदल, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का निकलना हुआ मुश्किल।।
।। वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : गोंडा जनपद के कर्नलगंज नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-5 स्थित अंबेडकर नगर (पिपरी) में जलभराव और कीचड़ की समस्या स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बरसात के बाद सड़क पर जमा पानी और फैली कीचड़ के कारण आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का पैदल निकलना भी चुनौती बन गया है।
विस्तार :
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है। इसके चलते सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है और फिसलकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार समस्या की ओर संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर नियमित सफाई नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि वार्ड में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कर सड़क पर जमा पानी और कीचड़ की सफाई कराई जाए। साथ ही नियमित सफाई अभियान चलाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की अपील की है।
