गौतमबुद्धनगर: मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश: 49 चोरी के मोबाइल और दो अवैध चाकुओं के साथ दो शातिर गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। मोबाइल चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से विभिन्न घटनाओं में चोरी किए गए 49 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से कई लंबित मोबाइल चोरी के मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को सेक्टर-18 के सामने पार्क के पास चेकिंग के दौरान विक्की पुत्र मुकेश निवासी मुल्तानी ढाडा, पहाड़गंज (दिल्ली) तथा आसिफ पुत्र आशु निवासी राशिद अली गेट, लोनी (गाजियाबाद) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से 49 चोरी के मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद हुए।
जांच में बरामद मोबाइलों में से एक वीवो कंपनी का मोबाइल थाना सेक्टर-24 में दर्ज मोबाइल चोरी के मुकदमे से संबंधित मिला। वहीं पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने थाना सेक्टर-20 में दर्ज एक अन्य मोबाइल चोरी की घटना को भी अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की असावधानी का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पूछताछ में विक्की ने बताया कि वह टैक्सी चलाने का काम करता है, जबकि आसिफ कपड़ों की फेरी लगाता है। दोनों अपने-अपने काम की आड़ में लोगों पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही मोबाइल चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए मोबाइल कहां और किसके माध्यम से बेचे जाते थे तथा इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपी विक्की के खिलाफ दिल्ली और गौतमबुद्धनगर में लूट, मारपीट, अवैध हथियार रखने और मोबाइल चोरी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आसिफ के खिलाफ भी गौतमबुद्धनगर और मथुरा में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही आरोपियों से गहन पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और मोबाइल चोरी के पूरे नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है। थाना सेक्टर-20 पुलिस की इस कार्रवाई को मोबाइल चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
