गौतमबुद्धनगर:'एक पेड़ माँ के नाम 3.0' अभियान में हरियाली की नई उड़ान, नोएडा प्राधिकरण ने हजारों पौधों के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया मजबूत संदेश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित प्रदेशव्यापी "एक पेड़ माँ के नाम 3.0" वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को नोएडा प्राधिकरण ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधे लगाए और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।
इस विशेष अभियान के दौरान नोएडा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री दीपक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री आर.के. सिंह, नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया। अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी भी हैं।
अभियान के दौरान शहर के पार्कों, हरित पट्टियों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य चिन्हित क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधारोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानते हुए पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को प्रकृति और अपनी माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो शहर की हरियाली में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, कार्यालय, विद्यालय, पार्क और आसपास उपलब्ध स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। पौधों का नियमित रखरखाव, सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना उनका रोपण।
नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि नोएडा को अधिक स्वच्छ, हराभरा और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाया जा सके। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि जनभागीदारी से यह अभियान निश्चित रूप से सफल होगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में सकारात्मक जागरूकता का विस्तार होगा।
